“अकादमी रत्न” से सम्मानित किया जाएगा पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ जी को
पंडित रामलाल बरेठ जी रायगढ़ कथक घराने के एकमात्र जीवित दरबारी नर्तक हैं

AINS NEWS बिलासपुर/रायगढ़… भारतीय शास्त्रीय नृत्य जगत एवं रायगढ़ कथक घराने के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि रायगढ़ कथक घराने के वरिष्ठ कथकाचार्य एवं पद्मश्री सम्मानित पंडित रामलाल बरेठ को संगीत नाटक अकादमी के सर्वोच्च सम्मान “अकादमी फेलोशिप (अकादमी रत्न)” से सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह सम्मान महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा प्रदान किया जाएगा।

पंडित रामलाल बरेठ जी रायगढ़ कथक घराने के एकमात्र जीवित दरबारी नर्तक हैं। उनका जन्म रायगढ़ में हुआ तथा उनकी शिक्षा-दीक्षा राजा चक्रधर सिंह एवं उनके पिता पंडित कार्तिक राम के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुई। उन्होंने अपने अथक परिश्रम, साधना एवं उत्कृष्ट कला प्रदर्शन से देश-विदेश के प्रतिष्ठित मंचों पर रायगढ़ कथक घराने को नई पहचान दिलाई तथा इसकी परंपरा को विश्व पटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अपने दीर्घ कला जीवन में उन्होंने अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं प्रदान की। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में वे कई वर्षों तक रीडर के पद पर कार्यरत रहे। इसके बाद वर्ष 1981 से 2011 तक चक्रधर नृत्य केंद्र में गुरु के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने अनेक प्रतिभाशाली शिष्यों को प्रशिक्षित किया, जो आज देश-विदेश में रायगढ़ कथक घराने का नाम रोशन कर रहे हैं।

पंडित रामलाल बरेठ जी ने अपने पुत्र एवं कथक नृत्याचार्य गुरु भूपेंद्र बरेठ को भी कथक कला में पारंगत किया। गुरु भूपेंद्र बरेठ वर्तमान में बिलासपुर में कार्तिक कथक नृत्य केंद्र का संचालन कर नई पीढ़ी को कथक नृत्य का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं तथा रायगढ़ कथक घराने की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
पंडित रामलाल बरेठ जी को उनके विशिष्ट योगदान के लिए मध्यप्रदेश शासन का शिखर सम्मान, छत्तीसगढ़ शासन का चक्रधर सम्मान, संगीत नाटक अकादमी का संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार तथा भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 का पद्मश्री सम्मान प्राप्त हो चुका है।
अब संगीत नाटक अकादमी की सर्वोच्च फेलोशिप “अकादमी रत्न” से सम्मानित होने जा रहे पंडित रामलाल बरेठ जी की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़, विशेष रूप से रायगढ़ एवं बिलासपुर के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




