बिलासपुर

सेंट जेवियर कथित दुष्कर्म कांड, शहर की सड़कों पर जबरदस्त जनाक्रोश

सर्वसेन समाज के प्रांतीय अध्यक्ष त्रिलोक श्रीवास ने प्रशासन को दिया सात दिन का अल्टीमेटम

AINS NEWS… सेंट जेवियर स्कूल से जुड़े नाबालिग छात्रा के कथित दुष्कर्म मामले को लेकर मंगलवार को शहर की सड़कों पर जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। सर्वसेन समाज के नेतृत्व में सैकड़ों लोग मां तुलजा भवानी मंदिर परिसर से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने और पीड़ित छात्रा को जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई।

नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट तक निकली आक्रोश रैली धीरे-धीरे जनसैलाब में बदल गई। महिलाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों के लोगों की बड़ी भागीदारी ने आंदोलन को व्यापक स्वरूप दे दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में ‘बेटी को न्याय दो’ और ‘दोषियों को सजा दो’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह केवल एक छात्रा का नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी की सुरक्षा और सम्मान का मामला है।सर्वसेन समाज के प्रांतीय अध्यक्ष त्रिलोक श्रीवास ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 2 जुलाई तक पीड़ित छात्रा को न्याय नहीं मिला तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, स्कूल प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या तथ्यों को छिपाने की बात सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने जांच एजेंसियों से यह भी मांग की कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जाए और यह भी पता लगाया जाए कि कहीं अन्य विद्यार्थी भी किसी प्रकार के शोषण का शिकार तो नहीं हुए। आंदोलनकारियों ने साफ कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button