दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 में सड़क हादसा, 4 की मौत एक गंभीर रूप से घायल
घायल बच्चे का इलाज रायपुर एम्स में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है

AINS NEWS… दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे के आसपास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर चारों ओर खून बिखर गया और घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था। घायल बच्चे का इलाज रायपुर एम्स में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया, कि स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर पांच लोग सवार होकर भिलाई-3 से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। स्कूटी अमृत निर्मलकर (28) चला रही थीं। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे दशमेश ढाबा के पास उनकी तेज रफ्तार स्कूटी हाईवे किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर CG 07 NA 0930 के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में रायपुर एम्स रेफर किया गया।
कुम्हारी पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उन्होंने ने बताया कि ट्रैक्टर हाईवे पर खड़ा था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया गया है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर हाईवे पर लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।




