गरियाबंद

उफनते नाले ने रोका रास्ता, चारपहिया वाहन में हुआ प्रसव, मां और नवजात दोनों स्वस्थ

महिला ने इक्को वाहन के भीतर ही एक बच्चे को जन्म दे दिया

AINS NEWS गरियाबंद… लगातार हो रही बारिश के कारण उफनाते नाले ने बुधवार को एक गर्भवती महिला का जिला अस्पताल तक पहुंचने का रास्ता रोक दिया। हालात ऐसे बने कि महिला को अस्पताल पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही वाहन के भीतर प्रसव कराना पड़ा। राहत की बात यह रही कि स्वास्थ्य कर्मियों,मितानिनों और ग्रामीणों की तत्परता से महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया और मां-बेटा दोनों सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर दूर स्थित ग्राम भेजराडीही की एक गर्भवती महिला को बुधवार सुबह करीब 10 बजे तेज प्रसव पीड़ा होने पर घुटकुनवापरा उप स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।वहां पदस्थ महिला स्वास्थ्य कर्मचारी ने जांच के दौरान प्रसव को जोखिमपूर्ण मानते हुए महिला को तत्काल बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इसके बाद महिला को इक्को वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद ले जाया जा रहा था, लेकिन घुटकुनवापरा के समीप स्थित नाले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आ गई थी। नाले का जलस्तर बढ़ने से वाहन आगे नहीं जा सका। ऐसे में महिला को स्ट्रेचर के माध्यम से नाला पार कर दूसरी ओर खड़े वाहन तक ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

इसी दौरान प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई और महिला ने इक्को वाहन के भीतर ही एक बच्चे को जन्म दे दिया।मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों और ग्रामीणों ने तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। प्रसव के बाद मां और नवजात को वापस घुटकुनवापरा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां दोनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार और देखभाल की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार समय पर मिली सहायता और स्थानीय लोगों के सहयोग से मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। यदि स्वास्थ्य कर्मियों और ग्रामीणों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान आवागमन की समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की चुनौती को उजागर करती है।

 

Related Articles

Back to top button