गरियाबंद

सावन के प्रथम सोमवार में उमड़ा आस्था का महासागर, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा भूतेश्वरनाथ धाम

विश्व प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम का प्राकृतिक स्वयंभू शिवलिंग अपनी अद्भुत विशेषताओं के कारण देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है

AINS NEWS गरियाबंद… देवों के देव महादेव को समर्पित पावन सावन मास के प्रथम सोमवार पर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर मरौदा के घने वनांचल में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्वयंभू भूतेश्वरनाथ (भकुर्रा महादेव) धाम में आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान रहा। हजारों शिवभक्त, कांवड़िए, साधु-संत, महिलाएं, युवा और परिवारजन भगवान भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए।

श्रद्धालुओं ने गंगाजल, पवित्र जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प, चंदन और अक्षत अर्पित कर भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, संतान सुख, वैभव और समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मान्यता है कि सावन के प्रथम सोमवार को सच्ची श्रद्धा और निष्काम भाव से भगवान शिव का जलाभिषेक करने वाले भक्तों पर महादेव की विशेष कृपा बरसती है और उनके सभी कष्ट दूर होकर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

विश्व प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम का प्राकृतिक स्वयंभू शिवलिंग अपनी अद्भुत विशेषताओं के कारण देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह शिवलिंग स्वयं प्रकट हुआ है और इसकी लंबाई तथा गोलाई प्रत्येक वर्ष बढ़ती रहती है। श्रद्धालु इसे भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप का दिव्य प्रतीक मानकर पूजते हैं। यही कारण है कि सावन मास और महाशिवरात्रि के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

इसी पावन अवसर पर समाजसेवी प्रकाश सोनी अपनी धर्मपत्नी समीक्षा सोनी के साथ भूतेश्वरनाथ धाम पहुंचे। दोनों ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश, समाज और समस्त मानव जाति के कल्याण की कामना की।

प्रकाश सोनी ने कहा, “हमारे परिवार की वर्षों पुरानी आस्था है कि सावन की शुरुआत भगवान भूतेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक से ही होती है। भोलेनाथ की असीम कृपा से परिवार पर सदैव सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। बाबा भूतेश्वरनाथ सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें, प्रदेश में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे, यही हमारी प्रार्थना है।”

समीक्षा सोनी ने कहा, “सावन का प्रत्येक सोमवार शिवभक्ति का अनुपम पर्व है। भूतेश्वरनाथ धाम में दर्शन और जलाभिषेक करने से मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे, हर घर में सुख-समृद्धि आए और सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही हमारी मंगलकामना है।”

सावन के प्रथम सोमवार पर भूतेश्वरनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि बाबा भूतेश्वरनाथ के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास आज भी उतना ही प्रगाढ़ है। भक्तों का मानना है कि जो भी सच्चे मन से बाबा के दरबार में शीश नवाकर जल अर्पित करता है, भोलेनाथ उसकी हर मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं।

 

Related Articles

Back to top button