RAIPUR

टाटीबंध में ओवरलोड ऑटो के विरुद्ध यातायात पुलिस की कार्यवाही

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने लिया संज्ञान, 06 ऑटो चालकों पर वैधानिक कार्यवाही एवं समझाइश

AINS NEWS… टाटीबंध क्षेत्र में ऑटो वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की शिकायत एवं समाचार को डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने गंभीरता से संज्ञान में लिया। उन्होंने यातायात थाना टाटीबंध क्षेत्र में ऐसे वाहनों की जांच कर यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

डीसीपी ट्रैफिक के निर्देशानुसार थाना प्रभारी यातायात टाटीबंध श्री भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान समाचार में प्रदर्शित तीन ऑटो वाहनों सहित कुल 06 ऑटो को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर एवं लापरवाहीपूर्वक संचालित करते हुए पाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा चारों ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। साथ ही चालकों को समझाइश देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ही बैठाएं तथा वाहन का संचालन पूरी सावधानी एवं यातायात नियमों के अनुरूप करें।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्यवाही करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर ऑटो चलाना गंभीर लापरवाही है और इससे दुर्घटना की स्थिति में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस द्वारा आगे भी लगातार कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने ऑटो चालकों से अपील की कि वे कमाई के लिए यात्रियों की सुरक्षा से समझौता न करें और निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही सवारी बैठाएं। वहीं आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे क्षमता से अधिक सवारी वाले ऑटो में यात्रा करने से बचें तथा असुरक्षित तरीके से सवारी परिवहन किए जाने की स्थिति में यातायात पुलिस को इसकी सूचना दें।

 

Related Articles

Back to top button