एयरपोर्ट में अफरा-तफरी, यात्री के ट्रैवलिंग बैग में रखी पिस्टल से चले दो राउंड, दो सुरक्षा सहायक कर्मी घायल
प्रारंभिक जांच में पिस्टल यात्री के ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रखे होने की बात सामने आई

AINS NEWS… बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत दो कर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

अधिकारियों के अनुसार, हथियार को विमान में ले जाने के लिए घोषित किया गया था। इसके बाद सुरक्षा जांच के दौरान ट्रैवलिंग बैग में रखी पिस्टल की जांच और कारतूस की काउंटिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
फायरिंग में बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी, पुत्री नरेश प्रसाद, घायल हो गईं। गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी। वहीं बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज, पुत्र किशोरी प्रसाद, के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं।
घटना के तत्काल बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज जारी है
फायरिंग की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा-फूलपुर और थाना प्रभारी राजीव सिंह समेत पुलिस टीम एयरपोर्ट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में पिस्टल यात्री के ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रखे होने की बात सामने आई है। पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि चेकिंग के दौरान हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ। साथ ही सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में किसी स्तर पर चूक हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य बनी हुई है।




