छत्तीसगढ़

प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल, 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना

कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। इसके अलावा मंत्रालय और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत रणबीर शर्मा को संचालक समाज कल्याण के पद से हटाकर गरियाबंद कलेक्टर बनाया गया है। वहीं कुंदन कुमार को मुंगेली कलेक्टर से कांकेर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। अमृत विकास तोपनो अब सक्ती कलेक्टर की जगह मुंगेली कलेक्टर होंगे।

इसी तरह जयश्री जैन को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से हटाकर सक्ती कलेक्टर बनाया गया है। तुलिका प्रजापति को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर से कबीरधाम कलेक्टर बनाया गया है। वहीं तनुजा सलाम को संचालक खेल एवं युवा कल्याण के पद से हटाकर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां

सरकार ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया है। सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं भुवनेश यादव अपने वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।

रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी मिली है। हिना अनिमेष नेताम को वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

निगम और पर्यटन से जुड़े पदों में भी बदलाव

गजेन्द्र सिंह ठाकुर को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ संचालक समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें संचालक खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग बनाया गया है। वहीं सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी मिली है।

बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर, बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। भोसकर विलास संदिपान को वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके कार्यभार संभालने के बाद इफ्फत आरा नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।

IFS अधिकारी की सेवाएं वन विभाग को वापस

प्रशासनिक बदलाव में IFS अधिकारी विवेक आचार्य की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं। वे वर्तमान में प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद पर कार्यरत थे।

 

Related Articles

Back to top button