गरियाबंद

आईटीएस कॉलेज ने फर्जी एआई फोटो से दुष्प्रचार का लगाया आरोप, एसपी से की शिकायत

शिकायत के साथ संबंधित व्हाट्सएप स्टेटस की प्रतियां भी संलग्न की गई

AINS NEWS गरियाबंद…  इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेस (आईटीएस), गरियाबंद ने कॉलेज के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक एवं फर्जी प्रचार किए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक गरियाबंद से की है। कॉलेज प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि एआई की मदद से तैयार की गई भ्रामक तस्वीर को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर संस्था की छवि खराब करने और विद्यार्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

कॉलेज की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि गरियाबंद के कुछ महाविद्यालयों के शिक्षकों द्वारा व्हाट्सएप एवं अपने स्टेटस के माध्यम से यह प्रचार किया जा रहा है कि डिपार्टमेंट ऑफ नर्सिंग, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेस बंद हो गया है, जबकि संस्था आवश्यक मान्यताओं के साथ संचालित होने का दावा कर रही है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आईटीएस कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कथित भ्रामक जानकारी देकर बहकाने तथा कॉलेज के खिलाफ दुष्प्रचार करने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने ऐसे दो व्हाट्सएप स्टेटस भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत किए हैं, जिनमें कथित तौर पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई थी।

कॉलेज का आरोप है कि शिवम कॉलेज के विद्यार्थियों को भी अपने-अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एआई से तैयार की गई कथित भ्रामक तस्वीर साझा करने के लिए कहा गया। शिकायत के साथ संबंधित व्हाट्सएप स्टेटस की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

आईटीएस कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि कॉलेज के खिलाफ दुष्प्रचार करने, विद्यार्थियों को गुमराह करने तथा एआई के माध्यम से कथित रूप से गलत पोस्ट तैयार कर प्रसारित करने में शामिल व्यक्तियों अथवा संस्थाओं की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
कॉलेज ने अपनी शिकायत के साथ व्हाट्सएप स्टेटस की प्रतियां तथा विद्यार्थियों से संबंधित पत्र भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।

 

Related Articles

Back to top button