गरियाबंद

सावन के अंतिम रविवार भूतेश्वरनाथ धाम में गूंजी सेवा की मिसाल, क्लोज फ्रेंड ग्रुप मॉर्निंग क्लब ने कराया भंडारा

बाबा के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य

AINS NEWS गरियाबंद… सावन के अंतिम रविवार को गरियाबंद के मौरदा स्थित विश्व प्रसिद्ध एवं विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वरनाथ महादेव के पावन धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

इसी अवसर पर क्लोज फ्रेंड ग्रुप मॉर्निंग क्लब, रायपुर के तत्वावधान में भूतेश्वरनाथ धाम में भंडारे का आयोजन किया गया। क्लब के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित कर सेवा कार्य किया। इसके साथ ही सभी सदस्यों ने भगवान भूतेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

क्लब से जुड़े अमोल गरुड़ी, परमांसद सिंह, मंगलेश्वर सिंह, नितिन पांडे, संतोष सिंह, संतोष यादव, मार्तण्ड सिंह, अनुराग, सुजीत कसलेवाल, तागेशकुमार और मनोज झा सहित अन्य सदस्यों ने भंडारे में अपनी सहभागिता निभाई।

अमोल गरुड़ी ने कहा कि सावन के अंतिम रविवार को भूतेश्वरनाथ महादेव की सेवा करने का अवसर मिलना पूरे ग्रुप के लिए सौभाग्य की बात है। बाबा के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना ही हमारे लिए सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रुप सामाजिक और धार्मिक सेवा के ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करता रहेगा।

नितिन पांडे ने कहा कि भूतेश्वरनाथ धाम में सावन के अंतिम रविवार को जिस तरह हजारों श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंचे, वह अद्भुत आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा कर सभी सदस्यों को आत्मिक संतुष्टि मिली। बाबा भूतेश्वरनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि आए, यही कामना है।

सावन के अंतिम रविवार को भूतेश्वरनाथ धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कांवड़िये दूर-दूर से जल लेकर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया। भक्ति, सेवा और आस्था के इस संगम ने सावन के अंतिम रविवार को भूतेश्वरनाथ धाम में यादगार बना दिया।

 

Related Articles

Back to top button