कवर्धा

एक थाना–एक सप्ताह, पुलिस कप्तान थानों में पहुंचकर एक दिन वहीं से पुलिसिंग की संभालेंगे कमान

आम लोगों की जनसुनवाई करने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे

AINS NEWS… पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करने और आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के लिए कबीरधाम पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। ‘एक थाना–एक सप्ताह’ नाम की इस पहल के तहत अब पुलिस कप्तान स्वयं अलग-अलग थानों में पहुंचकर एक दिन वहीं से पुलिसिंग की कमान संभालेंगे।  इस दौरान वे आम लोगों की जनसुनवाई करने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। इस पहल की शुरुआत 3 सितंबर को थाना सहसपुर लोहारा से की गई। कबीरधाम एसपी जितेन्द्र कुमार यादव ने थाने में मौजूद रहकर क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

कबीरधाम जिले में पुलिस विभाग की इस पहल का सबसे अहम पहलू यह है कि अपनी शिकायत लेकर लोगों को हर बार जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिस थाना क्षेत्र में समस्या है, उसी क्षेत्र में पुलिस कप्तान की मौजूदगी में लोग सीधे अपनी बात रख सकेंगे। जनसुनवाई के दौरान अपराध, कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों को सुना जाएगा। पुलिस अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। ‘एक थाना–एक सप्ताह’ सिर्फ जनसुनवाई तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस अधीक्षक संबंधित थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की भी समीक्षा करेंगे।

इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, नशे और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। किसी भी क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग के लिए स्थानीय लोगों का भरोसा और सहयोग अहम माना जाता है। इस पहल के जरिए पुलिस अधीक्षक सीधे जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों और नागरिकों से क्षेत्र की जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे। इससे पुलिस को उन समस्याओं और गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी, जो कई बार स्थानीय स्तर पर ही सामने आती हैं। साथ ही जनता को भी अपनी बात सीधे जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

इस पहल का एक और महत्वपूर्ण पक्ष पुलिस कर्मचारियों से जुड़ा है। पुलिस अधीक्षक थाने में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी सीधे संवाद कर उनकी विभागीय और कार्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेंगे। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पुलिस कर्मचारियों का मनोबल और बेहतर कार्य वातावरण प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से वे ज्यादा संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जनता की सेवा कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button