गरियाबंद

छुरा क्षेत्र में भालुओं का आतंक, दो अलग-अलग हमलों में दो बुजुर्ग घायल

रसेला में 65 वर्षीय बुजुर्ग के चेहरे पर हमला, कामेपुर में तीन भालुओं के झुंड ने 48 वर्षीय व्यक्ति को बनाया शिकार

AINS NEWS… गरियाबंद जिले के छुरा वन क्षेत्र में भालू के हमले की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। दोनों घटनाओं में खेत में काम करने गए दो बुजुर्ग घायल हो गए। एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आने पर बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का उपचार गरियाबंद जिला अस्पताल में जारी है। घटनाओं के बाद क्षेत्र में भालुओं को लेकर दहशत का माहौल है।

पहली घटना छुरा क्षेत्र के रसेला गांव की बताई जा रही है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग सुबह करीब 7 बजे खेत में दवा डालने के लिए गया था। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। भालू ने बुजुर्ग के चेहरे पर बुरी तरह हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद साथी ने अपनी जान की परवाह किए बिना भालू से भिड़कर बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया। साथी ने लकड़ी के सहारे भालू को जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं दूसरी घटना छुरा क्षेत्र के कामेपुर गांव में हुई। यहां सुबह खेत में काम करने गए 48 वर्षीय व्यक्ति का सामना अचानक तीन भालुओं के झुंड से हो गया। जान बचाने के लिए बुजुर्ग पेड़ पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके पैर और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं।

दोनों घटनाओं के बाद घायलों को उपचार के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। रसेला की घटना में घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया है, जबकि दूसरे घायल का उपचार गरियाबंद में जारी है। लगातार सामने आई इन घटनाओं से छुरा क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग जंगल व खेतों की ओर जाने में सावधानी बरत रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button