गरियाबंद

पोषण माह एवं नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित, संवाद एवं संगोष्ठी

नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समुदाय को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश

AINS NEWS गरियाबंद… सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए NRLM (बिहान), जनपद पंचायत गरियाबंद द्वारा आकांक्षीय विकासखंड गरियाबंद के ग्राम फुलकरा में पोषण माह एवं नशा मुक्ति के संबंध में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कुपोषण की रोकथाम तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत गरियाबंद, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मोहम्मद शरीफ (Association for Voluntary Action, महिला एवं बाल विकास), हेमंत तिर्की (BPM, NRLM), आकांक्षीय ब्लॉक फेलो (NITI Aayog) सहित NRLM टीम एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

कार्यशाला के दौरान बिहान महिला स्व-सहायता समूहों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद एवं संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, कुपोषण की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार तथा नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समुदाय को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। साथ ही, पोषणयुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण तथा कुपोषण मुक्त ग्राम के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं एवं समुदाय को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक व्यवहार अपनाने तथा नशामुक्ति के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया।

 

Related Articles

Back to top button