महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत एवं विकासखंड स्तरीय इनोवेशन कार्यशाला का आयोजन
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में सहभागिता के लिए किया गया प्रोत्साहित

AINS NEWS गरियाबंद… जिले में “सेवा संकल्प अभियान 2026” के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज एवं विकासखंड स्तरीय इनोवेशन कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज एवं इनोवेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, स्टार्टअप, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना और उन्हें नए विचारों एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री अनिल चंद्राकर, अध्यक्ष, जिला भाजपा गरियाबंद उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री अजय रोहरा, कोषाध्यक्ष, जिला भाजपा गरियाबंद, श्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला मंत्री, जिला भाजपा गरियाबंद तथा शुभम, युवा भाजपा नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री प्रभात रंजन ने की। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यशाला में उद्योग विभाग, रायपुर की स्टार्टअप टीम की ओर से सुश्री रुचिरा पारिख एवं श्री अबुल हसन उपस्थित रहे। सुश्री रुचिरा पारिख ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज एवं संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों की पहचान करने, उन्हें विकसित करने तथा स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने की प्रक्रिया के बारे में समझाया। इस अवसर पर श्री रविशंकर ध्रुव, सहायक प्रबंधक, उद्योग विभाग, गरियाबंद भी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नवाचार एवं नए विचारों को पहचानने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के अवसरों से अवगत कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राध्यापक श्री प्रभात रंजन ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




