राजनीतिक पद का झांसा देकर 82 लाख की ठगी, निखत परवीन शाबरी उर्फ निक्की गिरफ्तार
आरोपी महिला पर धमकी और ब्लैकमेलिंग करने का भी आरोप

AINS NEWS बिलासपुर… बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर *82 लाख 63 हजार रुपये* की ठगी का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने इस मामले में मनेंद्रगढ़ की रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि महिला के किसी राजनीतिक पार्टी से सीधे तौर पर जुड़े होने की जानकारी नहीं मिली है।

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए निखत परवीन शाबरी उर्फ निक्की से पहचान हुई थी। आरोप है कि महिला ने खुद को बड़े राजनीतिक नेताओं के संपर्क में बताया और प्रार्थी का जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर उसका भरोसा जीता। इसके बाद प्रार्थी की राजनीति में रुचि और बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा दिया। पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी और उसके परिचितों के खातों से रकम मंगाई गई और कुछ राशि नगद भी ली गई। पुलिस के मुताबिक इस तरह कुल 82 लाख 63 हजार 194 रुपये लिए गए। जब प्रार्थी ने रकम वापस मांगी और राजनीतिक पद के संबंध में जानकारी चाही तो आरोपी महिला पर धमकी और ब्लैकमेलिंग करने का भी आरोप है।
शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के खोंगापानी पहुंची और निखत परवीन शाबरी को उसके निवास से गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी से जुड़े दस्तावेज और बायोडाटा जब्त किए हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ झगराखांड और रायपुर के सिविल लाइन थाने में वसूली, ब्लैकमेलिंग और जुआ अधिनियम समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल सरकंडा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ठगी की इस वारदात में आरोपी महिला के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, बड़े नेताओं से संपर्क या किसी काम को कराने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें।




