दर्जनों गौमाता की खून से सना सेमारिया का गोठान, नर्क से बदतर हालात, गायों को रख कर भूखा प्यासा छोड़ा
बजरंग दल की शिकायत के बाद जागा प्रशासन, मृत गायों का पोस्टमार्टम

AINS NEWS/पामगढ़… तुस्मा जैसा ही भूख प्यास और बीमारी से दर्जनों गौमाता की दर्दनाक तरह से मौत का मामला सामने आया है. पामगढ़ क्षेत्र के सेमरिया गांव स्थित गौठान में दर्जनों गायों की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलते ही पामगढ़ नायब तहसीलदार अभिषेक यादव, जनपद पंचायत के सीईओ मड़ी शंकर कौशिक एवं पामगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम के साथ पशु चिकित्सा विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से बीमार गायों का उपचार कराया गया, वहीं मृत गायों का पोस्टमार्टम करवाया गया। कुछ मृत गायों को ग्रामीणों द्वारा दफन भी किया गया।

वहीं, बजरंग दल के पंकज कौशिक ने बताया कि इस मामले को लेकर पामगढ़ थाने में शिकायत की जाएगी।
गौठान में दर्जनों गायों की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनकी देखरेख की जिम्मेदारी किसकी थी. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में पामगढ़ एसडीएम पवन कोसमा ने बताया कि जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। गंभीर गायों का इलाज कराया गया है तथा मृत गायों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




