छत्तीसगढ़
रायपुर SSP ने किया अन्तर्जिला चेकिंग प्वाइंट का आकस्मिक निरीक्षण

रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा आज थाना खरोरा एवं आरंग का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाने स्तर पर संधारित किये जाने वाले समस्त दस्तावेजो, रजिस्टरों व फाइलों के नियमित व समुचित संधारण हेतु समुचित निर्देश दिए गए। थाने के कामकाज की समीक्षा करते हुए थाना खरोरा एवं आरंग के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों के प्रकरणों की उनके द्वारा की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई तथा लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग के प्रकरणों के डायरी एवं दस्तावेजों का अवलोकन कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण करने निर्देशित किया गया।

इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने में आने वाले फरियादियों व पीड़ितों से बेहतर व्यवहार रखने के निर्देश दिए तथा कोई भी प्रार्थी या पीड़ित यदि कोई शिकायत लेकर थाने आता है तो उस पर तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देश देने के साथ ही क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों नहीं होने देने तथा ऐसी अवैधानिक गतिविधियां करने वालों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्यवाही करने निर्देशित किया गया।




