बिलासपुर
जुए का बड़ा दांव, पुलिस ने छापा मारकर नौ लोगों को गिरफ्तार किया
जैसे ही रसूखदार लोगों को पकड़ा गया, बड़े-बड़े नेताओं और अधिकारियों के फोन आने शुरू हो गए

AINS NEWS बिलासपुर… शहर में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मेयर के कजन ब्रदर के साथ कई नामी और रसूखदार लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 41 हजार 505 रुपये नगद और 11 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सोमवार 18 अगस्त 2025 को सरकंडा पुलिस ने महावीर अग्रवाल बाड़े में की, जहां जुए का बड़ा दांव चल रहा था।

बड़े लोगों को जुआ खेलते देख पुलिस भी हैरान, कार्रवाई शुरू होते ही आने लगे फोन
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में जुआ और सट्टे पर लगाम लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोनी रोड स्थित महावीर अग्रवाल के बाड़े में जुए का बड़ा अड्डा चल रहा है। यहां ताश पत्ती और प्लास्टिक के कॉइन से काटपत्ती नामक जुआ खेला जा रहा था, जिसमें बड़ी रकम दांव पर लगी थी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को मौके पर देखकर जुआ खेल रहे लोग हैरान रह गए। पुलिस ने मौके से नौ लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें मेयर के कजन ब्रदर के साथ शहर के कुछ प्रतिष्ठित व्यापारी और कारोबारी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से कुल 41,505 रुपये नगद और 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस की यह कार्रवाई इतनी बड़ी थी कि जैसे ही रसूखदार लोगों को पकड़ा गया, बड़े-बड़े नेताओं और अधिकारियों के फोन आने शुरू हो गए। हालांकि, पुलिस ने किसी भी दबाव में आए बिना सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रमेश कुमार अग्रवाल (70), सुशील अग्रवाल (60), चंद्रशेखर अग्रवाल (64), विजय विधानी (64), हरवंश लाल अजमानी (79), बिहारी ताम्रकार (66), तेजेस्वर वर्मा (40), सुनील अग्रवाल (60) और पारस राय (48) हैं। इन सभी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से शहर में जुआ खेलने वाले बड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।




