रेलवे की यात्रियों को बड़ी राहत, निरस्त की गई कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को किया एक बार फिर से शुरू
गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू और झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू जैसी शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनों को भी पूरी तरह बहाल

AINS NEWS… बिलासपुर रेल मंडल के जांजगीर नैला स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे कार्य के बाद अब रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पहले निरस्त की गई कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को एक बार फिर से शुरू किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत जांजगीर नैला स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते पहले कई ट्रेनों को निरस्त और आंशिक रूप से निरस्त किया गया था। अब कार्य पूर्ण होने के बाद रेलवे प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से इन ट्रेनों की बहाली शुरू कर दी है। रिस्टोर की गई ट्रेनों में रायगढ़–बिलासपुर मेमू, बिलासपुर–रायगढ़ मेमू, रायपुर–गेवरारोड मेमू, गेवरारोड–रायपुर मेमू, रायपुर–कोरबा पैसेंजर, कोरबा–रायपुर पैसेंजर, बिलासपुर–गेवरारोड मेमू, गेवरारोड–बिलासपुर मेमू, बिलासपुर–कोरबा मेमू और कोरबा–बिलासपुर मेमू शामिल हैं, जो निर्धारित तिथियों में अपने तय समय पर संचालित होंगी।

इसके अलावा गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू और झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू जैसी शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनों को भी पूरी तरह बहाल कर दिया गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने यह भी बताया है कि कोरबा–रायपुर–कोरबा हसदेव एक्सप्रेस निर्धारित अवधि में एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES या 139 के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।




