बुधवारा में आगर नदी पर बनेगा एनीकट, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने किया भूमिपूजन
न केवल सिंचाई की सुविधा मिलेगी, बल्कि ग्रामीणों के आवागमन की राह भी आसान होगी

AINS NEWS… मुंगेली विकासखंड के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर एनीकट निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस एनीकट का विधिवत भूमिपूजन किया। इस परियोजना से न केवल सिंचाई की सुविधा मिलेगी, बल्कि ग्रामीणों के आवागमन की राह भी आसान होगी।

*किसानों और ग्रामीणों को मिलेंगे ये बड़े फायदे:*
*दूरी होगी कम:* 60 मीटर लंबे इस एनीकट के बनने से ग्राम बुधवारा और दुल्लापुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे ग्रामीणों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
*सिंचाई रकबे में विस्तार:* जल संसाधन विभाग के अनुसार, इस एनीकट से रबी और खरीफ की फसलों के लिए लगभग 82 हेक्टेयर (41-41 हेक्टेयर) अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होगी।
*भू-जल संवर्धन:* गर्मी के दिनों में जलस्तर गिरने की समस्या से राहत मिलेगी। सेमरकोना से अमरटापू तक पानी की उपलब्धता बनी रहेगी, जिससे पशुधन और निस्तारी के लिए भी जल संकट दूर होगा।

*ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती: तोखन साहू*
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा, “एनीकट निर्माण से पानी की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र में खुशहाली आएगी।”
> प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, एसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय और एसडीएम अजय शतरंज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।




