बिलासपुर
कानन पेंडारी जू 7 दिनों के लिए बंद, पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक
बिलासपुर में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन का बड़ा एहतियाती कदम

AINS NEWS… बिलासपुर में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में संक्रमण की पुष्टि के बाद कानन पेंडारी जू को 7 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

संक्रमण की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर हैं। जू परिसर में जैव सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। नियमित सैनिटाइजेशन, निगरानी और बाहरी लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा गया है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
जू में मौजूद सभी पशु-पक्षियों की लगातार स्वास्थ्य जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है और आने वाले दिनों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।




