शराब बिक्री में बढ़ेगी पारदर्शिता, आबकारी विभाग ने शुरू की ऑनलाइन पेमेंट व्यवस्था
डिजिटल इंडिया की ओर बड़ा कदम, जल्द सभी 48 शराब दुकानों में मिलेगी कैशलेस सुविधा

AINS NEWS… जांजगीर-चांपा जिले के शराब प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर है। अब शराब खरीदने के लिए जेब में नकदी रखना जरूरी नहीं होगा। जिले की अधिकांश शराब दुकानों में कैशलेस भुगतान व्यवस्था शुरू कर दी गई है। ग्राहक अब यूपीआई, क्यूआर कोड, डेबिट कार्ड सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से भुगतान कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना और बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है।

जांजगीर-चांपा जिले की शराब दुकानों में अब डिजिटल इंडिया की झलक दिखाई दे रही है। जिले की कुल 48 शराब दुकानों में से 41 दुकानों में कैशलेस भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है, जबकि शेष 7 दुकानों में भी जल्द ही ऑनलाइन पेमेंट व्यवस्था लागू की जाएगी।नई व्यवस्था के तहत ग्राहक यूपीआई, क्यूआर कोड, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर सकेंगे। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें नकदी नहीं होने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही दुकानों में नकदी प्रबंधन की चुनौती भी कम होगी।
आबकारी विभाग का कहना है कि अधिकांश दुकानों में डिजिटल भुगतान व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। शेष दुकानों में तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही ऑनलाइन भुगतान की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।अधिकारियों के मुताबिक इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि शराब बिक्री प्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। साथ ही डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन मिलने से नकद लेन-देन पर निर्भरता कम होगी।जांजगीर-चांपा में शराब दुकानों को डिजिटल भुगतान से जोड़ने की यह पहल उपभोक्ताओं के लिए सुविधा और प्रशासन के लिए पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित करेगी। आने वाले दिनों में जिले की सभी शराब दुकानों में यह व्यवस्था पूरी तरह लागू हो जाएगी।




