गरियाबंद

सेवा संकल्प अभियान के तहत 02 अक्टूबर को कलेक्टोरेट परिसर से जोबा तक साइकिल रैली

1 से 6 अक्टूबर तक सभी विकासखण्डों में लगेंगे शिविर, कलेक्टर ने शिविर में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के दिए निर्देश

AINS NEWS गरियाबंद… संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाए जा रहे आगामी कार्यक्रमों के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली कलेक्टोरेट परिसर से ग्राम जोबा तक जाएगी। जिसमें जिले के नागरिकोें, मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी को सायकिल रैली में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया गया हैं।

बैठक में बताया गया कि सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के तहत सभी विकासखण्ड में शिविर लगाएं जाएंगे। इनमें गरियाबंद विकासखण्ड में 01 अक्टूबर को नहरगांव के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 03 अक्टूबर को छुरा विकासखण्ड के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल दुल्ला में, 04 अक्टूबर को फिंगेश्वर विकासखण्ड के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल जेंजरा में, 05 अक्टूबर को मैनपुर विकासखण्ड के उन्मुक्त प्ले ग्राउंड भाठीगढ़ में एवं 06 अक्टूबर को देवभोग विकासखण्ड के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल खोकसरा में शिविर लगाएं जाएंगे। इस शिविर के लिए संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर केंद्र एवं राज्य सरकार के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा शिविर में संबंधित विभाग स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर और उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास करें।
कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासकीय कार्य शासन के नियमों के अनुसार ही करें। शासकीय कार्याें में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में अत्यधिक बारिश के कारण कहीं जनहानि, पशुहानि एवं धनहानि हुई है, तो उसका तत्काल प्रकरण तैयार कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर शासकीय भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, वहां संबंधित कार्यालयों को शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाए। जिले में आत्मसमर्पित एवं नक्सल प्रभावित परिवारों को रोजगार मूलक योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री पंकज डाहिरे, श्री नवीन भगत सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button