RAIPUR

रंगदारी मामले का आरोपी शोएब ढेबर फरार, पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम की संभावित ठिकानों पर दबिश

दो आरक्षकों पर लापरवाही का आरोप

AINS NEWS… कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से जुड़े 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार चल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस और क्राइम टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसी बीच रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।

जारी आदेश के मुताबिक, लाइन अटैच किए गए दोनों आरक्षक अलग-अलग पुलिस इकाइयों में पदस्थ थे। इनमें थाना तेलीबांधा में पदस्थ आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के आरक्षक शिवम द्विवेदी शामिल हैं।

दोनों आरक्षकों पर लापरवाही का आरोप बताया जा रहा है। हालांकि, आदेश में लापरवाही के स्पष्ट कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है। दोनों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र रायपुर से संबद्ध किया गया है।

डीसीपी मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल द्वारा जारी आदेश में आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध किए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, क्राइम एवं साइबर डीसीपी स्मृतिक राजनाला के आदेश के अनुसार आरक्षक शिवम द्विवेदी को प्रशासनिक कारणों से तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस कमिश्नरेट रायपुर वापस किया गया है।

मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने से जुड़ा है। धमकी भरा कॉल आने के बाद कुकरेजा ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शोएब ढेबर को जमानत मिलने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी। 29 सितंबर को कोर्ट ने पुलिस को शोएब को फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दी।

इसके बाद पुलिस ने उसके पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार और पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी, लेकिन शोएब पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस को उसके दूसरे राज्य में भागने की आशंका है। ऐसे में संभावित ठिकानों और संपर्कों पर नजर रखकर उसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रंगदारी की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में शोएब ढेबर का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक के जरिए फोन करवाने की बात जांच में सामने आई थी। फिलहाल शोएब ढेबर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इसी मामले के बीच दो आरक्षकों को लाइन अटैच किए जाने से पुलिस महकमे में भी कार्रवाई चर्चा में है।

 

Related Articles

Back to top button