क्राइम

अवैध देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाला अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

कब्जे से देशी कट्टा बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही

AINS NEWS…  त्योहारी सीजन के दौरान सार्वजनिक स्थान पर अवैध देशी कट्टा लेकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने एवं दहशत फैलाने वाले युवक को थाना सरस्वती नगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है।

दिनांक 04.11.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि डुमर तालाब रोड के पास कुकुरबेड़ा में एक युवक अपने हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर आम राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री रॉबिन्सन गुरिया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री मानसी नानाभाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से *एक अवैध देशी कट्टा* बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

*गिरफ्तार आरोपी – कुलदीप बसोर पिता पंचम लाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बहरैचा, वार्ड क्रमांक 07, मंदिर के पास, सोनौरी, रीवा (मध्यप्रदेश), हाल पता केडिया बिजनेस पार्क, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर (छत्तीसगढ़)।*

*सराहनीय योगदान* – सउनि रमेशचंद्र यादव, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक राम कुमार वर्मा एवं आरक्षक नरेन्द्र साहू।

*रायपुर पुलिस की अपील -* त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन कर भय एवं दहशत फैलाने तथा शांति-व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button