हिन्दू युवा मंच ने महिला अधिवक्ता स्व. बलबीर कौर चौहान के निधन पर निकाला श्रद्धांजलि एवं शांति मार्च
हाईटेक अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली के खिलाफ जताया आक्रोश, निष्पक्ष जांच कमेटी गठित करने एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।

AINS NEWS दुर्ग / भिलाई… जूनवानी स्थित हाईटेक अस्पताल में उपचार के दौरान महिला अधिवक्ता स्व. बलबीर कौर चौहान के निधन के मामले को लेकर हिन्दू युवा मंच द्वारा श्रद्धांजलि एवं शांति मार्च निकालकर अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध विरोध दर्ज कराया गया। नेहरू नगर स्थित मॉल चौक से निकाले गए इस मार्च में उपस्थित लोगों ने दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया।

हरि नगर, दुर्ग निवासी अधिवक्ता बलबीर कौर चौहान ऑपरेशन के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती हुई थीं, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। परिजनों एवं अधिवक्ताओं का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृत्यु के कारणों को स्पष्ट नहीं किया गया तथा परिजनों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के बजाय भ्रम की स्थिति में रखा गया। इस संबंध में स्मृति नगर पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
हिन्दू युवा मंच ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर मामले में एक जांच कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह श्रद्धांजलि एवं शांति मार्च हिन्दू युवा मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू की अगुवाई में प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष कुमार नायर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भिलाई जिला अध्यक्ष कमल रणदिवे एवं वैशाली नगर अध्यक्ष अजय यादव की भी प्रमुख भूमिका रही।
हिन्दू युवा मंच के जिला प्रचार प्रमुख प्रिंस तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं दुर्ग जिला न्यायालय के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्तागण, मृतका के पति एवं शोकाकुल परिजन, हिन्दू युवा मंच की महिला इकाई ‘आदि शक्ति’ की कार्यकर्ताओं सहित मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेंद्र जैन, अमिताभ वर्मा, राजा देवांगन, जय देवांगन, सोमेश दास, दीपक चंद्राकर, विक्रम कंडा, सुरेश साहू, सोनू मानिकपुरी, तामेश साहू, आशु चौबे, समीर राव, पंकज भारती, सुमित भारती, लखन कुर्रे, अजय ठाकुर, वीरेंद्र सिंह राजपूत, अमित पुरोहित, रवि बघेल, सावन श्रीवास्तव, अंकित दुबे, अर्पित बरनवाल, गजेंद्र साहू, गोपाल यादव, नीरज देवांगन, राहुल जैन, राहुल सोनकर, विमल राज पुरोहित, विश्वमूर्ति तिवारी, कृष्णा चौहान, भूपेंद्र वर्मा, विक्की साहू, संजय सिंह सेंगर, संतोष मिश्रा, सुरेंद्र राजपूत, सुमित निर्मलकर, सोनू शर्मा, हरि जगबेड़ा, रोहन मून, रुद्र मिश्रा, सोनू साव, यश गुप्ता, राज गुप्ता एवं अजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




