छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के महाधिवेशन का आज पहला दिन
कांग्रेस का महाधिवेशन आज से छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुरू होने जा रहा है

कांग्रेस का महाधिवेशन आज से छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुरू होने जा रहा है, जिसमें राजनीति, अर्थव्यवस्था समेत कई विषयों पर प्रस्ताव पारित करने और कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के गठन के साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव में व्यापक विपक्षी एकजुटता को लेकर मंथन कर पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी. कांग्रेस का यह 85वां महाधिवेशन आज 24 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेगा. हालांकि आज पहले दिन महाअधिवेशन में गांधी परिवार नहीं दिखाई देगा. सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आज अधिवेशन में शामिल नहीं होंगी.

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि, 24 फरवरी की सुबह 10 बजे संचालन समिति की बैठक होगी. इस बैठक में मसौदा समिति द्वारा तय प्रस्तावों पर संचालन समिति एक-एक करके विचार करेगी और इनका अनुमोदन करेगी. उसी दिन विषय संबंधी समिति भी बैठक करेगी, जिसमें कई प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी.
इस महाधिवेशन में भाग ले रहे एआईसीसी सदस्यों में सामान्य श्रेणी से 704, अल्पसंख्यक समुदाय से 228, ओबीसी समुदाय से 381, अनुसूचित जाति से 192, अनुसूचित जनजाति से 133, महिलाएं 235 और 50 साल से कम उम्र के 501 लोग होंगे.
अधिवेशन में राजनीति समेत इन विषयों के प्रस्ताव होंगे पारित
देश के मुख्य विपक्षी दल के इस अधिवेशन में राजनीति, अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय मामले, कृषि एवं किसान, सामाजिक न्याय और युवा एवं शिक्षा से जुड़े विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे. इसके साथ ही, सीडब्ल्यूसी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होगी, हालांकि पार्टी ने इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है कि कांग्रेस कार्य समिति के आधे सदस्यों का चुनाव होगा या नहीं.
कांग्रेस के महाधिवेशन में ये दिग्गज करेंगे शिरकत
वेणुगोपाल के मुताबिक, महाधिवेशन में 1338 निर्वाचित एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य होंगे, 487 सहयोजित (को-ऑप्टेड) एआईसीसी सदस्य होंगे, 9915 निर्वाचित पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) सदस्य होंगे तथा करीब 3000 सहयोजित (को-ऑप्टेड) पीसीसी सदस्य होंगे. मल्लिकार्जुन खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पार्टी का महाधिवेशन हो रहा है. कांग्रेस का पिछला महाधिवेशन 2018 में दिल्ली में हुआ था.




