बीजापुर

बीजापुर में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी

बड़े नक्सली नेताओं के घिरे होने की आशंका

AINS NEWS बीजापुर… बीजापुर जिले की दुर्गम पहाड़ी (कर्र गुट्टा) में माओवादी पिछले तीन दिनों से सुरक्षा बलों से घिरे हुए है। इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच बीते 55 घंटों से अधिक समय से रुक-रुक कर भीषण गोलीबारी जारी है। हालांकि अभी तक किसी सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कुछ माओवादियों के मारे जाने की खबर है।

विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो नम्बी पहाड़ी, जिसे स्थानीय रूप से कर्रगुट्टा के नाम से जाना जाता है, पड़ोसी राज्य तेलंगाना तक विस्तृत और अत्यधिक दुर्गम भूभाग होने के कारण लंबे समय से नक्सलियों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बना हुआ है।

हाल ही में सुरक्षा बलों को मिली खुफिया जानकारी में कुछ बड़े नक्सली नेताओं के इस क्षेत्र में जमा होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर तीन राज्यों के नक्सल ऑपरेशन से जुड़े उच्च अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा बलों ने पहाड़ी को चारों ओर से घेर लिया है।
नक्सल विरोधी इस बड़े ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से भी मदद मिल रही है। इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष बल डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के साथ-साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन, राज्य पुलिस की एसटीएफ, तेलंगाना राज्य के विशेष पुलिस बल ग्रेहाउंड्स और महाराष्ट्र के सी-60 कमांडो शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को इस इलाके में सैकड़ों की संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा बलों को यहां माओवादियों के कुछ शीर्ष और खूंखार कैडरों, जिनमें हिड़मा, देवा, सहदेव और केशव जैसे बड़े नाम शामिल हैं, के भी मौजूद होने की सूचना मिली है।
इस घटनाक्रम पर अभी सुरक्षा बलों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। इलाके में जारी मुठभेड़ और सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button