राजनीति

आजादी के बाद पहली बार बिहार में सीडब्ल्यूसी की बैठक, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की विस्तारित बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऐतिहासिक करार दिया

पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे गए पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने

AINS NEWS… पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की विस्तारित बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बिहार में सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। आगामी बिहार चुनाव को देखते हुए यह बैठक बेहद अहम है। बघेल ने बताया कि वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी की 16 दिन की यात्रा भी इसी कड़ी का हिस्सा है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे गए पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। पटना रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस पर बड़ी-बड़ी टिप्पणियां करते हैं, लेकिन अब देखना होगा कि उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता की बात का क्या सम्मान होता है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी एक कार्यक्रम में राज्यपाल और कलेक्टर बैठे थे और ननकीराम कंवर को खड़े रहने पर मजबूर होना पड़ा था।

बघेल ने सवाल उठाया कि तीन दिन का अल्टीमेटम देने वाले कंवर की चेतावनी पर भाजपा सरकार क्या रुख अपनाती है। गौरतलब है कि कंवर ने कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी है।

जीएसटी 2.0 पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बघेल ने कहा कि गलत टैक्स नीति से देश को आठ साल तक लूटा गया। आम जनता की आय घटा दी गई और अब आठ साल बाद भाजपा सरकार को अपनी गलती का एहसास हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जो भाषण भाजपा देती थी, अब वही केंद्र सरकार दोहरा रही है।

बिहार में गोहत्या और तस्करी के मुद्दे पर भी बघेल ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत बीफ निर्यात में नौवें स्थान पर था, जो आज दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भाजपा एक ओर गौमाता के नाम पर वोट मांगती है और दूसरी ओर बीफ निर्यातकों से चंदा लेती है।

इस बैठक में भूपेश बघेल के साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी शामिल होंगे।

 

Related Articles

Back to top button