RAIPUR

SIR से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने की राज्य निर्वाचन आयोग से मुलाकात 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने SIR की समय सीमा 3 महीने बढ़ाने की मांग की

AINS NEWS…  SIR विशेष मतदाता पुनरीक्षण से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर रायपुर लोकसभा प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग से मुलाकात कि। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को अवगत कराया कि उड़ीसा एवं महाराष्ट्र से आए अनेक प्रवासी मतदाताओं को वर्ष 2003 की मूल मतदाता सूची उपलब्ध नहीं हो रही है, जिसके चलते वे घोर परेशानी का सामना कर रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को सूची उपलब्ध कराना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है, जिससे वे सही तरीके से अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकें।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा बीएलओ पर दबाव बनाकर कार्य कराया जा रहा है, जो पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्न चिह्न खड़ा करता है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करता है।

इसके अलावा कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के उस बयान की भी कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है, ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे पूरी तरह अवैधानिक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के बयान चुनाव आयोग की स्वतंत्र प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप हैं और सत्ताधारी दल द्वारा मतदाताओं को डराने का प्रयास है। यह SIR प्रक्रिया की निष्पक्षता को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है।

प्रदेश में इन दिनों धान कटाई एवं धान विक्रय का कार्य जारी है, जिसके कारण बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मतदाता समय पर अपना फॉर्म जमा नहीं कर पा रहे हैं। इस विषय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने SIR की समय सीमा 3 महीने बढ़ाने की मांग की है, ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए। कांग्रेस ने आयोग से इस मांग पर तत्काल अमल करने की अपील की है।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि सभी राज्यों से आए मतदाताओं को 2003 की सूची उपलब्ध कराई जाए।बीएलओ पर बनाए जा रहे राजनीतिक दबाव को तुरंत रोका जाए।उपमुख्यमंत्री के बयान पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाए।प्रदेश में किसानों की परिस्थितियों को देखते हुए SIR की समय सीमा 3 महीने बढ़ाई जाए।

इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा शैलेश नितिन त्रिवेदी शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा विकास उपाध्याय प्रमोद दुबे गिरीश दुबे आकाश तिवारी आकाश शर्मा उधो राम वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button