मौसम विभाग ने दी चेतावनी, आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर और सरगुजा तक, हर जगह तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश भर में तापमान 1 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया है।

जहाँ एक तरफ ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ आसमान में बादलों का डेरा भी जमने वाला है। इसके पीछे की वजह है एक समुद्री तूफ़ान, 28 नवंबर को श्रीलंका के तटीय क्षेत्रों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर यह सिस्टम सक्रिय हुआ था। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यह 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ा है।
इस साइक्लोन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक हल्के बादल छाए रहने की पूरी संभावना है। सिर्फ़ बादल ही नहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। यानी ठंड के साथ-साथ अब बारिश भी आपको परेशान कर सकती है।
अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरिया, कोरबा या गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मौसम विभाग ने शीतलहर यानी कोल्ड वेव चलने की संभावना जताई है। अंबिकापुर, जो हमेशा से अपनी कड़ाके की ठंड के लिए जाना जाता है, वहां सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। यानी अंबिकापुर अभी प्रदेश का ‘शिमला’ बना हुआ है। वहीँ, दुर्ग जिले में दिन का तापमान यानी अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, जिसकी वजह आसमान में छाए बादल होंगे।




