रिजेक्ट कोयला से टैक्स चोरी का खेल, छत्तीसगढ़ के कोल कारोबारी के कनेक्शन इंडोनेशिया और साउथ अफ्रीका से भी मिले
जो टैक्स की चोरी करेंगे उनसे सख्ती से निपटा जाएगा - वित्त मंत्री ओपी चौधरी

AINS NEWS… राजधानी समेत प्रदेश के करीब 12 कोल कारोबारीयों के ठिकानों पर छापेमारी के बाद कई खुलासे सामने आए हैं। अभी तक इन कोयला कारोबारीयों से 43 करोड़ से ज्यादा की टैक्स वसूली हो चुकी है, स्टेट जीएसटी को अभी 8 कोल कारोबारी और 20 से ज्यादा ट्रांसपोर्टर के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं इसमें से ज्यादातर रायपुर और बिलासपुर के कारोबारी है। इनसे 100 करोड़ से ज्यादा का टैक्स मिलने का दावा किया जा रहा है। टैक्स चोरी का खेल रिजेक्ट कोयला से किया जाना बताया गया, बड़े कारोबारी कोयले में हर बार 30% कोयला खराब या रिजेक्ट बताते हैं कोयला के रिजेक्ट होने के साथ ही जीएसटी भी 18% से घटकर 5% हो जाती है बाद में इसी कोयले को अच्छा कोयला बता कर भेज दिया जाता है।

रिजेक्ट कोयले की गाड़ी होने की वजह से जांच में भी इसका आसानी से खुलासा नहीं हो पाता इस रिजेक्ट कोयले की कमाई को कहीं भी दर्शाया नहीं जाता। जांच में यह भी पता चला है कि इस खेल से कमाई जाने वाली रकम को विदेशों में निवेश किया जा रहा था। रोज लाखों की चोरी पकड़ में नहीं आ रही थी, कोल कारोबारी रोज 18 से 28 टन वाली हर गाड़ी में इसी तरह का गोलमाल कर रहे थे। जांच में छत्तीसगढ़ के कोल कारोबारी के कनेक्शन इंडोनेशिया और साउथ अफ्रीका से भी मिले हैं।
यहां के कोल खदानों में छत्तीसगढ़ के कोल व्यापारियों ने निवेश किया है। पूरे मामले के बाद प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जो टैक्स की चोरी करेंगे उनसे सख्ती से निपटा जाएगा, फर्जी कंपनियों की लगातार जांच जारी है। विभाग के अफसर पूरे प्रमाण के साथ जांच के लिए पहुंचते हैं और फर्जीवाडा करने वालों को हर हाल में टैक्स की रकम सरेंडर करनी होगी।




