निःशुल्क ‘खाकी मंडपम’ आदर्श विवाह समारोह में शामिल हुए रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, नवविवाहितों को दिया आशीर्वाद
विवाह मंडप का नाम ‘खाकी मंडपम’ रखा गया, जो सुरक्षा और संवेदना—दोनों का प्रतीक बनकर उभरा

AINS NEWS रायपुर… महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस परिवार एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में संतोषी नगर स्थित श्री प्रयास एजुकेशन सोसायटी, बोरिया रोड में निःशुल्क आदर्श विवाह समारोह ‘खाकी मंडपम’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु विशेष रूप से शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।

‘खाकी मंडपम’ नाम अपने आप में एक संदेश है। आमतौर पर खाकी को अनुशासन और कड़क मिजाज की पहचान के रूप में देखा जाता है, लेकिन जब बात मानवीय संवेदनाओं की हो तो यही खाकी करुणा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण भी प्रस्तुत करती है। इसी भाव को केंद्र में रखकर विवाह मंडप का नाम ‘खाकी मंडपम’ रखा गया, जो सुरक्षा और संवेदना—दोनों का प्रतीक बनकर उभरा।
समारोह में बिन माता-पिता एवं निर्धन परिवार की बेटियों का सामाजिक सहयोग से विधिवत कन्यादान कर विवाह संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। आयोजन में पुलिस परिवार के सदस्यों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह समारोह समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के लिए यह पहल न केवल आर्थिक सहयोग है, बल्कि सम्मानपूर्वक जीवन की नई शुरुआत का अवसर भी है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन निरंतर जारी रखने की बात कही




