डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन 84वें दिन भी जारी, देर रात आए आंधी-तूफान और बारिश से अभ्यर्थियों को भारी नुकसान
2300 सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड पात्र अभ्यर्थियों का आमरण अनशन आज 80वें दिन भी जारी है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि माननीय हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद आज तक शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्ति नहीं दी गई है, जिसका खामियाजा पात्र डीएड अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण की काउंसलिंग में विभाग द्वारा गंभीर लापरवाही की गई। विभाग ने 2621 बर्खास्त बीएड अभ्यर्थियों के स्थान पर 2621 डीएड अभ्यर्थियों को कॉमन मेरिट सूची को पुनः व्यवस्थित (Re-arrange) किए बिना ही स्कूल आवंटन कर दिया।
इस प्रक्रिया में लगभग 1316 ऐसे अभ्यर्थियों को स्कूल आवंटित कर दिए गए, जिनके पास न तो डीएड की अनिवार्य योग्यता थी और न ही शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की पात्रता। इस प्रशासनिक त्रुटि के कारण आज 1316 पूर्णतः पात्र डीएड अभ्यर्थी अपने संवैधानिक अधिकार के लिए धरना स्थल पर आमरण अनशन करने को मजबूर हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि विभाग पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से मेरिट सूची का पुनर्गठन करता, तो आज पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी होती। लेकिन विभागीय लापरवाही और उदासीनता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
डीएड अभ्यर्थियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि माननीय न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन करते हुए 2300 सहायक शिक्षक पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति दी जाए, ताकि लंबे समय से चल रहा यह आंदोलन समाप्त हो सके और युवाओं को न्याय मिल सके।
पिछली देर रात अचानक तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण धरना स्थल पर बैठे डी.एल.एड योग्य अभ्यर्थियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। तेज हवा और बारिश की वजह से धरना स्थल पर लगाए गए टेंट, गद्दे, चटाई एवं अन्य आवश्यक सामान उड़कर बिखर गए तथा कई सामान नष्ट हो गए।
गौरतलब है कि डी.एल.एड अभ्यर्थी पिछले लगभग तीन महीनों से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन लगातार कठिन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदा के बावजूद भी उनकी समस्याओं पर अब तक सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
देर रात 3 बजे आए इस तूफान के कारण अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, कई अभ्यर्थी खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हो गए। इसके बावजूद अभ्यर्थियों का संकल्प कमजोर नहीं हुआ है और वे अपनी न्यायपूर्ण मांग के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।
हम सरकार और प्रशासन से मांग करते हैं कि डी.एल.एड योग्य अभ्यर्थियों की स्थिति को गंभीरता से समझते हुए जल्द से जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को इस प्रकार की कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
*जारिकर्ता :-*
– डी.एल.एड अभ्यर्थी संघ छत्तीसगढ़




