पुलिस लाइन में “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” कार्यक्रम का आयोजन
प्रेरक गीतों और योग-संगीत के समन्वय से पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त वातावरण देने का प्रयास

AINS NEWS… पुलिसकर्मियों के बढ़ते मानसिक तनाव और लगातार चुनौतीपूर्ण ड्यूटी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब की ओर से पुलिस लाइन रायपुर में विशेष “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संगीत, योग और सकारात्मक ऊर्जा पर आधारित इस अनूठे कार्यक्रम को पुलिस जवानों के तनाव प्रबंधन की दिशा में एक अभिनव पहल माना जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत हार्मोनिका वादन, मधुर संगीत, प्रेरक गीतों और योग-संगीत के समन्वय से पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त वातावरण देने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मानना है कि बेहतर मानसिक संतुलन और सकारात्मक माहौल से पुलिस जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में बढ़ोतरी होगी।

करीब 12 वर्षों से सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब द्वारा संचालित “योग-संगीत-सूत्र” की अवधारणा के अंतर्गत यह आयोजन किया जा रहा है। क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, जो आईपीएस सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने बताया कि यह पहल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का सामाजिक अभियान भी है।
सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की है




