“मोला लव होगे” नए कलाकारों ने दिखाया दमखम, मंजे हुए कलाकारों ने किया कॉपरेट
सुपरस्टार करन खान ने पिता की भूमिका में अपना जलवा बरकरार रखा

AINS NEWS… 8 मई को प्रदर्शित हुई छत्तीसगढ़ी फिल्म मोला लव होगे से दो कलाकारों आयुष राजवैद्य और तिरांजलि ने डेब्यू किया। दोनों ही कलाकारों ने बढ़िया काम किया। लेकिन तीसरे कलाकार विक्रांत सेंद्रे ने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

सुपरस्टार करन खान ने पिता की भूमिका में अपना जलवा बरकरार रखा साथ में विक्रम राज, जागेश्वरी मेश्राम और प्रीति राजवैद्य ने भी अपने अभिनय के साथ पूरा न्याय किया।
वहीं खलनायक के रूप में रजनीश झांझी सिर्फ गेट अप में अलग नजर आए, अभिनय तो उनकी अन्य फिल्मों की तरह ही नजर आया।
कहानी की बात करें तो 15 साल पुरानी दुश्मनी को लेकर अपनी बुआ की मौत का बदला एक बेटा बड़ा होकर लेता है, लेकिन हृदय परिवर्तन के बाद हीरो उसी लड़की से प्यार करने लग जाता है जिसे वह धोखा देता है। इन सब के बीच विलेन पक्ष अपनी दुश्मनी भी बरकरार रखता है।

अन्य कलाकारों में अनुपम वर्मा और पुष्पेंद्र सिंह और डॉक्टर अजय सहाय ने भी थोड़े समय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। हास्य कलाकार संजय महानंद पूरे समय पान खाते नजर आए।
कॉलेज के दृश्य में कलाकारों को सिर्फ एक दिन क्लास रूम में दिखाया गया और प्रोफेसर द्वारा सिर्फ यही पूछा गया कि “अंग्रेज भारत कब आए थे?”
फिल्म का मध्यांतर दर्शकों को पूरी फिल्म देखने के लिए रोके रखता है। फ्लैशबैक में 15 साल पुरानी कहानी को दो दोस्तों से शुरू करना फ्लैशबैक के साथ न्याय होता लेकिन खुले में एक कपल का रोमांस दिखाकर फ्लैशबैक प्रारंभ करना समझ से परे रहा।
कुल मिलाकर बिदाई फिल्म के इतने सालों बाद निर्देशक अनुमोद राजवैद्य के कम बैक में इतने लंबे अंतराल के बाद भी उनकी मेकिंग में कुछ विशेष बदलाव नजर नहीं आया। फिल्म में यह साफ दिखाई देता है कि बजट को संभालकर खर्च किया गया है, कई सीन जो और खूबसूरत लग सकते थे उनमें बजट की कमी साफ दिखती है।
बहरहाल एक साफ सुथरी और पारिवारिक कहानी लेकर अनुमोद राजवैद्य ने अच्छा प्रयास किया है, लेकिन आज के दौर में मोला लव होगे समय के अनुरूप नहीं लगती। बता दें कि आयुष राजवैद्य की एक और फिल्म बनकर तैयार है जो एक बड़े प्रोडक्शन हाउस की है अगर उस फिल्म को पहले आने दिया गया होता यानी उस फिल्म से आयुष लॉन्च होते तो इस फिल्म को फायदा जरूर मिलता। लेकिन अब सवाल यह है कि इस फिल्म के चलते उस फिल्म को तो नुकसान नहीं पहुंचेगा?




