सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के साथ जिलेवासियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
"स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" थीम पर जिलेभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

AINS NEWS गरियाबंद… आयुष विभाग के तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिले में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर, कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निर्देशक श्री वरुण जैन,जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी,मीडियाकर्मी गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्री गणेश एवं सहयोगी योग शिक्षकों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित एवं जागरूक नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सांसद श्रीमती चौधरी ने सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प भी दिलाया।
कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है, जो योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योगाभ्यास के पश्चात सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने इंडोर स्टेडियम परिसर में अमरूद का पौधरोपण किया। इस अवसर पर अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, उप संचालक समाज कल्याण श्री डी.पी. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले की नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।




