RAIPUR
थाना मौदहापारा में ई-मालखाने की शुरुआत, साक्ष्यों के संरक्षण में बढ़ेगी पारदर्शिता
न्यायिक प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री का त्वरित सत्यापन भी संभव हो सकेगा

AINS NEWS… राजधानी रायपुर के सेंट्रल जोन में एक और ई-मालखाने की शुरुआत की गई है। यह सुविधा थाना मौदहापारा में शुरू की गई, जो सेंट्रल जोन का दूसरा ई-मालखाना है।
इससे पहले थाना कोतवाली में पहला ई-मालखाना स्थापित किया गया था। रायपुर एसीपी अमित तुकाराम कांबले ने इसका शुभारंभ किया।

इस पहल का उद्देश्य पुलिस अभिरक्षा में रखी जाने वाली जब्त संपत्तियों और माल-मसरूका के रखरखाव को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है। ई-मालखाने के माध्यम से जब्त संपत्तियों की डिजिटल एंट्री, रिकॉर्ड संधारण और निगरानी की जाएगी, जिससे उनकी चेन ऑफ कस्टडी स्पष्ट और सुरक्षित बनी रहेगी। इससे साक्ष्यों के संरक्षण में पारदर्शिता बढ़ेगी, रिकॉर्ड प्रबंधन आसान होगा और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री का त्वरित सत्यापन भी संभव हो सकेगा।




