आंगनबाड़ी में 9 बच्चों को खिलाया गया एक्सपायरी ‘रेडी टू ईट’ फूड, 12 पैकेट मिले एक्सपायरी
वाड्रफनगर में नौनिहालों की सेहत से खिलवाड़

AINS NEWS… वाड्रफनगर विकासखंड के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सुरहुल खास से एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां 9 बच्चों को एक्सपायरी ‘रेडी टू ईट’ खाद्य सामग्री खिलाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जांच के दौरान केंद्र में 12 एक्सपायरी पैकेट भी मिले, जिससे महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित किए जा रहे रेडी टू ईट फूड की जांच के दौरान पाया गया कि कई पैकेटों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इसके बावजूद इन्हें बच्चों को खिलाया गया, जिससे उनकी सेहत को खतरा पैदा हो गया।
मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का जवाब भी हैरान करने वाला रहा। कार्यकर्ता ने कहा कि “मुझे ठीक से दिखाई नहीं देता, इसलिए मैं पैकेट की एक्सपायरी डेट चेक नहीं कर पाई।” इस बयान ने विभागीय लापरवाही और जिम्मेदारी पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मासूम बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
अब सभी की निगाहें महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस गंभीर मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।




