कवर्धाक्राइम

पति की हत्या का 24 घंटे में खुलासा: पत्नी और चचेरे भाई ने मिलकर उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार

मृतक की पत्नी नीता साहू (35 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया

AINS NEWS KABIRDHAM… जिले की लोहारा पुलिस ने पति की हत्या के अंधे कत्ल का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और पत्थर से सिर पर हमला कर महेश साहू की हत्या कर दी।

26 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम बासिनझोरी निवासी तुलेश साहू ने थाना लोहारा में सूचना दी कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित दुकान के पास खून से लथपथ पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोट के निशान मिले तथा घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।

वैज्ञानिक जांच और गहन पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू (35 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 25 जुलाई की रात पति के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद अपने चचेरे भाई ओदराम साहू की मदद से पति को पकड़वाकर पत्थर से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे घसीटकर छोड़ दिया और स्कूटी से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर, एक्टिवा स्कूटी, वारदात के समय पहने कपड़े सहित अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

Related Articles

Back to top button