AI की पैनी नजर से बच नहीं पाए खूंखार डकैत, 4 डकैत सलाखों के पीछे
पुलिस ने तरेंगा, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक 1000 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

AINS NEWS… 12 लाख की दिनदहाड़े ज्वेलरी लूट… 100 से ज्यादा संगीन वारदातों का काला इतिहास… और 1000 से अधिक CCTV फुटेज के साथ AI तकनीक की मदद से आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया अंतरराज्यीय खूंखार डकैत गिरोह। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने चार हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज लूटकांड का पर्दाफाश किया है।

16 जुलाई 2026 को भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम रोहरा के पास दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी से चार नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े 13 किलो चांदी, 70 ग्राम सोना और मोबाइल लूट लिया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तरेंगा, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक 1000 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। साइबर सेल ने AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग कर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, नकदी और करीब एक लाख रुपये के चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कुल 26 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी अंतरराज्यीय शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2022 और 2024 में भाटापारा क्षेत्र के दो अन्य ज्वेलर्स से हुई लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।




