घटारानी वाटरफॉल में बड़ा हादसा टला: नशे में झरने के ऊपर पहुंचा युवक फिसलकर नीचे गिरा, पुलिस ने किया रेस्क्यू
शाम 4 बजे के बाद पर्यटकों की एंट्री बंद और शाम 5 बजे के बाद आसपास घूमना पूरी तरह प्रतिबंधित

AINS NEWS गरियाबंद… प्रसिद्ध घटारानी वाटरफॉल में एक बार फिर पर्यटकों की लापरवाही सामने आई है। रविवार को वाटरफॉल के ऊपर चढ़ा एक युवक अचानक पैर फिसलने से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई, हालांकि नीचे गिरने के बाद वह बेहोश हो गया।

घायल युवक की पहचान खूबलाल डिमर, निवासी रावां, धमतरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में वाटरफॉल के ऊपर पहुंचा था और लापरवाही करते हुए आगे बढ़ गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का रेस्क्यू किया। इसके बाद 112 की मदद से उसे फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवक के साथी ने बताया कि करीब 17 लोग घूमने आए थे और हादसे का शिकार हुआ युवक नशे की हालत में था।

बताया गया कि वाटरफॉल क्षेत्र में शाम 4 बजे के बाद पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी जाती है और शाम 5 बजे के बाद आसपास घूमना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी कर नशे की हालत में प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं।
घटारानी वाटरफॉल में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
भूतेश्वरनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पारागांव पुल से टकराई, बड़ा हादसा टला




