गणेशोत्सव से पहले रायपुर में अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, बुलडोजर चला, दर्जनों के सामान जब्त
कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक संयुक्त कार्रवाई

AINS NEWS… आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई स्थानों पर सामान जब्त किया गया, जुर्माना वसूला गया और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर भी चलाया गया।

यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम प्रहरी ने कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रहे 50 से अधिक दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 ठेले, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए गए। साथ ही 4 हजार रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया।
वहीं लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर गणेशोत्सव के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया गया। यहां तीन अवैध अस्थायी अतिक्रमणों को बुलडोजर से हटाया गया और 11 दुकानों की अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के बाद मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत मिली और यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और डिवाइडर पर सामान या प्रचार सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें और प्रशासन का सहयोग करें।




