क्राइम

सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 85 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया पुलिस ने

नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई

AINS NEWS… रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई दुर्गा चौक मैदान के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में गांजा रखकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने संदिग्ध कार की तलाशी ली, तो डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में 85 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर बिक्री के लिए ले जाना बताया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश साहू, राकेश साहू और सूरज कलेत के रूप में हुई है। जब्त गांजे की कीमत करीब 42 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले स्रोतों और इसे खरीदने वाले संभावित लोगों की पहचान में जुटी है। इसके लिए तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये कीमत की नशीली सामग्री सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button