आखिरकार 21 साल के बाद अपना भवन मिल ही गया कोपलवाणी दिव्यांग स्कूल को
टाटा को उत्पादों से अधिक उनके बड़े सामाजिक कार्यों के लिए जानते हैं

AINS NEWS… कोपलवाणी दिव्यांग स्कूल को आखिरकार 21 साल के बाद बुधवार को अपना भवन मिल ही गया, अब तक यह स्कूल किराए के मकान में चलाया जा रहा था।
श्रवण बाधित बच्चों को शिक्षित और हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार देने के उद्देश्य से कोपलवाणी संस्था ने वर्ष 2004 में इस आवासीय स्कूल की शुरुआत की थी।


अविनाश फाउंडेशन ने राजधानी के पूर्व महापौर संतोष अग्रवाल की स्मृति में इस भवन को सेमरिया में बनवाया है। विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह भवन के लोकार्पण समारोह के बजाय बच्चों के लिए गृह प्रवेश के उत्सव जैसा है, लोग टाटा को उत्पादों से अधिक उनके बड़े सामाजिक कार्यों के लिए जानते हैं। ठीक उसी प्रकार संतोष अग्रवाल ग्रोथ अकादमी ने दिव्यांगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए जो कार्य किया है उसे हमेशा याद किया जाएगा।
इस मौके पर उपस्थित सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना किसी मंदिर का निर्माण करने से भी ज्यादा बेहतर काम है। इसके लिए अविनाश फाउंडेशन की जितनी भी सराहना की जाए कम है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, खुशवंत साहेब समेत अविनाश फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।




