राजनीति

गरियाबंद में बढ़ा राजनीतिक तनाव, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा जिला कार्यालय की ओर मार्च

दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई

AINS NEWS… गरियाबंद जिले में उस समय राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के जिला कार्यालय का घेराव करने के लिए मार्च निकालने पहुंचे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

कांग्रेस कार्यकर्ता नेशनल हेराल्ड प्रकरण में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मिली राहत को अपनी राजनीतिक जीत बताते हुए उत्साह में थे। इसी क्रम में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय तक मार्च निकालने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क रहा और भाजपा कार्यालय के सामने रस्सी लगाकर बैरिकेडिंग कर दी गई थी।

जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “जब-जब भाजपा डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे गूंजते रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे। हालांकि, किसी भी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने का प्रयास कर रही हैं और तानाशाही रवैया अपना रही हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।

 

Related Articles

Back to top button