बिजली, पेट्रोल-डीजल और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बिजली कार्यालय घेराव
सुखचंद बेसरा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है

AINS NEWS गरियाबंद… बढ़ती महंगाई,बिजली दरों में लगातार वृद्धि, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर पुतला दहन करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने किया।उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है।बिजली के दामों में बार-बार वृद्धि की जा रही है,जिससे घरेलू उपभोक्ताओं,किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।वहीं पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों ने परिवहन लागत बढ़ा दी है, जिसका सीधा असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित इस आंदोलन में जिला कांग्रेस भवन से सैकड़ों कांग्रेसी रैली के रूप में तिरंगा चौक होते हुए बिजली ऑफिस पहुंचे।
वही जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर आम आदमी महंगाई से परेशान है,वहीं दूसरी ओर सरकार लगातार कर और शुल्क बढ़ाकर लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने,किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं ली और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए,तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और उग्र करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।प्रदर्शन में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता,पदाधिकारी,किसान एवं आम नागरिक शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान विद्युत कार्यालय परिसर के बाहर काफी देर तक नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चलता रहा,व्यवस्था बनाने पुलिस की पूरी व्यवस्था रही।




