विधायक रोहित साहू अपने ग्राम पीपरछेड़ी व सेम्हरतरा में मनाएंगे तीजा पर्व
सामूहिक करु भात, खेल एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के साथ पंडवानी, कीर्तन एवं ग्राम नारी सम्मान का होगा आयोजन

AINS NEWS गरियाबंद… ग्राम पंचायत सेम्हरतरा एवं आश्रित ग्राम पीपरछेड़ी में तीजा पर्व के अवसर पर सृजन युवा समिति एवं नवचेतना युवा मंच द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रोहित साहू अपने ग्राम सेम्हरतरा-पीपरछेड़ी पहुंचकर ग्रामीणों एवं युवाओं के साथ तीजा पर्व मनाएंगे। इस अवसर पर 13 सितंबर को दोपहर 3 बजे ग्राम पंचायत भवन सेम्हरतरा में विधायक श्री रोहित साहू के करकमलों से भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होगा।
इसके पूर्व दोपहर 12 बजे से सेम्हरतरा एवं पीपरछेड़ी में खेलकूद, बौद्धिक प्रतियोगिता एवं प्रश्नमंच का आयोजन किया जाएगा। भूमि पूजन के पश्चात विधायक श्री रोहित साहू ग्रामीणों एवं युवाओं के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी सहभागिता करेंगे।
इसके बाद शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक ग्राम पीपरछेड़ी में सामूहिक करु भात का आयोजन होगा। इसमें ग्रामीण अपने परिवार एवं स्वजनों के साथ सामूहिक रूप से भोजन करेंगे। युवाओं की यह पहल गांव की एकता, सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाली सराहनीय पहल है।
ग्राम की बेटियों एवं बहनों का होगा “ग्राम नारी सम्मान”
तीजा पर्व के अवसर पर ग्राम सेम्हरतरा की उन प्रतिभाशाली बेटियों एवं बहनों का भी “ग्राम नारी सम्मान” किया जाएगा, जिन्होंने विवाह के पश्चात अन्य स्थानों पर रहते हुए अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर अपने मायके गांव का नाम गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर श्रीमती मालती साहू (व्याख्याता), श्रीमती लेखनी साहू (सहायक शिक्षक), श्रीमती ललिता साहू (व्यायाम शिक्षक), श्रीमती मिलेश्वरी साहू (जनभागीदारी समिति अध्यक्ष, नवीन कन्या महाविद्यालय गरियाबंद एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, गरियाबंद), डॉ. विजया साहू (एसोसिएट प्रोफेसर, नेत्र विभाग, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर), डॉ. जया साहू (एसोसिएट प्रोफेसर, ईएनटी विभाग, लखी राम अग्रवाल मेमोरियल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, रायगढ़), श्रीमती लता साहू (फूड इंस्पेक्टर, दुर्ग), श्रीमती नीतू साहू, श्रीमती किरण साहू सहित पुलिस एवं नगर सेना में कार्यरत ग्राम की अन्य प्रतिभाशाली बहनों का सम्मान किया जाएगा।
यह सम्मान ग्राम की बेटियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ गांव की अन्य बेटियों एवं युवा पीढ़ी को शिक्षा, सेवा और अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का एक सकारात्मक प्रयास होगा।
इसी क्रम में रात्रि 8 बजे ग्राम पीपरछेड़ी में छत्तीसगढ़ के प्रख्यात पंडवानी कलाकार लोक रंग बोरिद, फिंगेश्वर की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। पंडवानी कार्यक्रम के पश्चात विधायक जी ग्राम पंचायत भवन सेम्हरतरा पहुंचेंगे, जहां छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कीर्तनकार श्री कामता प्रसाद कुरेरदादार, छुरा द्वारा भजन एवं कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदिनी ओमकार साहू एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी नेहरू साहू करेंगी।
आयोजक सृजन युवा समिति एवं नवचेतना युवा मंच ने समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर तीजा पर्व के इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम की तैयारियों में दोनों समितियों के युवा साथी तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।




