प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने बढ़ते अपराध और बेरोजगारी को लेकर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बैठक को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि लंबे समय के बाद कानून व्यवस्था को लेकर बैठक ले रहे हैं

रायपुर।। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बैठक को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि लंबे समय के बाद कानून व्यवस्था को लेकर बैठक ले रहे हैं। निश्चित रूप से आज छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। प्रदेश अपराध का गढ़ बन रहा है। जिस प्रकार की घटनाएं लगातार घट रही हैं, वह बड़ी चिंता में हम सबको डालती है। राज्य सरकार कानून व्यवस्था पर पूरी तरह से विफल है।

22 अगस्त से प्रदेश के सरकारी-कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने वाले हैं, इधर 24 अगस्त को भाजपा युवा मोर्चा बेरोजगारी को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने जा रही है, इसे लेकर साव ने सरकार के कामकाज को लेकर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को छलने का काम किया हैं, जन घोषणा पत्र में बड़े-बड़े वादे किए और पूरे नहीं किए। घोषणा पत्र में कहा गया था कि 2500 रुपये बेरोजगारी भत्ता और 5 लाख रोजगार देंगे। लेकिन आज तक किसी भी बेरोजगार को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। रोजगार केवल ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के काम से चल रहा है। राज्य सरकार के फंड से कुछ भी काम नहीं हो रहा है।




