मनोरंजन

Chandrayaan-3 की सफलता को बड़े पर्दे पर दिखाना चाहते है मशहूर फिल्ममेकर, बोले जाने नहीं दूंगा ये मौका

MUMBAI (AINS)- देश चंद्रयान 3 की सफलता का जश्न मना रहा है। चंद्रयान 3 के लैंडर ने बुधवार शाम करीब 6:40 बजे चंद्रमा की धरती पर कदम रखा और इसके साथ ही भारत ने इतिहास रच दिया. इसरो की इस सफलता पर फिल्म निर्माता भी आगे आए हैं। मिशन मंगल फिल्म के निर्देशक जगन शक्ति ने कहा है कि वह चंद्रयान 3 की सफलता को बड़े पर्दे पर दिखाएंगे।

एक वेबसाइट से बात करते हुए जगन शक्ति ने कहा कि वह इस मौके को हाथ से नहीं जाने देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह चंद्रयान 3 पर बनने वाली फिल्म में मिशन मंगल में काम करने वाली टीम को ही लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं मिशन मंगल की टीम के साथ चंद्रयान 3 पर फिल्म बनाऊंगा। हालांकि, उन्होंने फिल्म में अक्षय कुमार के काम के बारे में कुछ भी साफ नहीं किया।


जगन शक्ति ने साल 2019 में देश के मंगल मिशन पर अक्षय कुमार, विद्या बालन, तापसी पन्नू, सोनाक्षी सिन्हा, कीर्ति कुल्हारी, नीति मेनन और शरमन जोशी जैसे सितारों को लेकर फिल्म मिशन मंगल बनाई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहद सफल रही और इसने दुनिया भर में लगभग 290 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पिछली फिल्म का अनुभव कहें या चंद्रयान 3 का क्रेज, जगन शक्ति इस बड़ी घटना पर फिल्म बनाने से नहीं चूकना चाहते।


जगन शक्ति ने बताया है कि उनकी बड़ी बहन इसरो में वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी बहन से चंद्रयान 3 के बारे में जानकारी ले रहे हैं और इस मिशन की सफलता के तुरंत बाद उन्होंने फिल्म बनाने पर विचार करना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि जब मिशन मंगल का निर्माण शुरू हुआ था तो जगन शक्ति ने इसरो के वैज्ञानिकों से मदद ली थी। फिल्म में अक्षय लीड रोल में थे और विद्या बालन समेत अन्य एक्ट्रेस उनका साथ दे रही थीं।

Related Articles

Back to top button